Mayank Markande

हमारें देश में बहुत से युवा क्रिकेट खेलते है और हर किसी का एक ही लक्ष्य होता है और वो है भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट खेलना। इसी कोशिश में बहुत से क्रिकेटर लगातार प्रयास करते रहते है उनमें से कुछ लोगों को तो खेलने का मौका मिल जाता है जबकि कुछ इतने खुशकिस्मत नहीं होते है। आज हम एक खिलाड़ी की बात करने जा रहें है जिन्होंने बहुत ही छोटी उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था। हम जिस खिलाड़ी की बात कर रहें है उनका नाम मयंक मार्कण्डेय है, चलिये इनके बारें में थोड़ी और जानकारी हासिल करते है।

मयंक मार्कण्डेय का जीवन परिचय

मयंक का जन्म 11 नवंबर 1997 को पंजाब के भटिंडा में हुआ था। इनके पिताजी बिक्रम शर्मा एक सरकारी अधिकारी है जबकि इनकी माता सुनदीप शर्मा एक गृहिणी है। जब मयंक ने क्रिकेट खेलना शुरू किया था तो वो तेज गेंदबाजी करते थे लेकिन उनके कोच ने उनके कद को देखकर उनसे स्पिन गेंदबाजी में अपने हाथ आजमाने को कहा। इसके बाद मयंक ने अपनी गेंदबाजी स्टाइल में बदलाव किया और फिर वो एक बेहतरीन स्पिन गेंदबाज बन गए। लगातार मेहनत और उनकी लगन की वजह से उन्हें पंजाब की अंडर-16 टीम में शामिल किया गया। मयंक भारतीय टीम के लिए 2019 में अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके है।

मयंक मार्कण्डेय का घरेलू क्रिकेट करियर

मयंक ने 2017-18 की सईद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के लिए टी-20 डेब्यू किया। पंजाब की तरफ से ही खेलते हुए उन्होंने 2017-18 विजय हजारे टॉफी में लिस्ट ए डेब्यू किया। इसके बाद 2018-19 की देवधर ट्रॉफी में उनका चयन इंडिया B में हुआ। 2018-19 में हुई रणजी ट्रॉफी में मयंक ने पंजाब की तरफ से अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत की। उस श्रृंखला में मयंक ने 6 मैचों में 29 विकेट अपने नाम किये थे और वो पंजाब की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। अक्टूबर 2019 में मयंक का चयन 2019-20 देवधर ट्रॉफी के लिए इंडिया C में हुआ था।

मयंक मार्कण्डेय का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

दिसंबर 2018 में मयंक का चयन 2018 ACC Emerging Teams Asia Cup के लिए भारतीय टीम में हुआ था। फरवरी 2019 में उनका चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टी-20 श्रृंखला में हुआ था। उन्होंने अपना टी-20 डेब्यू ऑस्ट्रेलियाई के खिलाफ 24 फरवरी 2019 को किया था।

इंडियन प्रीमियर लीग में मयंक मार्कण्डेय

जब IPL का पहला सीजन 2008 में हुआ था तो उस समय मयंक की उम्र महज 10 वर्ष थी। 2018 IPL सीजन के लिए मुंबई इंडियन्स की टीम ने उन्हें 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। मयंक ने अपना IPL डेब्यू चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ किया था और उनके लिए सबसे यादगार पल महेंद्र सिंह धोनी का विकेट लेना था। 2018 IPL के शुरुआती 2 मैचों में मयंक ने 46 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। अपने IPL डेब्यू मैच में उन्होंने चेन्नई के 3 विकेट झटके थे जिसमें अंबाती रायडू एवं महेंद्र सिंह धोनी का विकेट भी शामिल था।

2022 में हुई मेगा नीलामी में फिर एक बार मुंबई इंडियंस ने उन्हें खरीदकर अपनी टीम में शामिल कर लिया था।

Leave a Reply